Landslide / शिमला के संजौली में दरकी पहाड़ी, स्कूटी समेत पांच बाइक मलबे में दबीं
Landslide/ शिमला के संजौली स्थित समिट्री क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:10 बजे पहाड़ी दरकने से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इसकी चपेट में आने से एक स्कूटी समेत पांच बाइक मलबे में दब गईं और बिजली के खंभे भी उखड़कर सड़क पर पहुंच गए। घटना के समय आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, जबकि मलबे के कारण वार्ड की एंबुलेंस सड़क पूरी तरह बंद हो गई।
शिमला/शिमला
अचानक हुए भूस्खलन से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण पहाड़ी से भूस्खलन का खतरा पहले से बना हुआ था। पहाड़ी का एक हिस्सा दरकने के बाद निचली तरफ बने मकानों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं और रात के समय पहाड़ी के आसपास जाने से डर रहे हैं।
मलबे के कारण सड़क पर यातायात बंद
घटना के समय वार्ड पार्षद विनीत शर्मा मौके पर मौजूद थे और उन्होंने नगर निगम प्रशासन को इसकी सूचना दी। रात के समय सड़क पर भारी मात्रा में मलबा होने के कारण यातायात बहाल नहीं किया जा सका। निगम प्रशासन की ओर से मंगलवार सुबह टीम भेजकर मलबा हटाने और सड़क को दोबारा खोलने का काम किया जाना है। बिजली के खंभे सड़क पर गिरने से क्षेत्र में आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी का निरीक्षण करवाने और निचली ओर बने मकानों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। बारिश जारी रहने के कारण उन्हें आशंका है कि पहाड़ी का हिस्सा दोबारा दरक सकता है। लोगों ने संभावित खतरे को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध करने और बंद सड़क को जल्द बहाल करने का आग्रह किया है।