Loading...

चंबा के सिंगाधार विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और कानूनों की दी जानकारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 11 Jul 2026 • 1 Min Read

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगाधार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने निःशुल्क विधिक सहायता, ऑनलाइन सुरक्षा, नशा निरोधक जागरूकता और राष्ट्रीय हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी साझा की।

चंबा

विद्यालय में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम

हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-एसीजेएम एकांश कपिल के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिंगाधार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक और कानून के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

साइबर अपराध, एनडीपीएस कानून और सड़क सुरक्षा पर दी जानकारी

कार्यक्रम में सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता नवीन सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर धोखाधड़ी, नशा एवं एनडीपीएस अधिनियम, सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन कानून, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, विद्यार्थियों की ऑनलाइन सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं के प्रभावितों को उपलब्ध विधिक सहायता, संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्यों सहित विभिन्न कानूनी विषयों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही एंटी रैगिंग कानून, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की गई।

निःशुल्क विधिक सहायता और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी

संसाधन व्यक्तियों ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या आने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने के बारे में बताया। इस दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण टोल फ्री नंबर 15100, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग किया जा सके।

पुलिस विभाग ने साझा किए सुरक्षा संबंधी सुझाव

पुलिस विभाग से उपस्थित संसाधन व्यक्ति यशपाल और धर्मपाल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात कानूनों और नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या अन्य कानूनी मामले की सूचना समय पर पुलिस को देने तथा डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।

प्रश्नोत्तर सत्र और सामूहिक शपथ का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों और साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण तथा संविधान एवं कानूनों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

Related Topics: