Lok Adalat / 12 सितम्बर को किन्नौर में होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, विभिन्न श्रेणी के मामलों का होगा निपटारा
Lok Adalat : 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में एनआई एक्ट, मनी रिकवरी, श्रम विवाद, वाहन दुर्घटना, बिजली-पानी बिल सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की जाएगी। संबंधित न्यायिक क्षेत्र के इच्छुक पक्षकार अपने मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित न्यायालयों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं।
किन्नौर
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर के सचिव अजय कुमार ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 को किया जाएगा। इस लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन (न्यायालय में दायर होने से पहले के) मामलों का भी आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों को सरल, त्वरित एवं कम खर्चीली न्यायिक प्रक्रिया उपलब्ध कराना है, जिससे मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
इन मामलों की होगी सुनवाई
राष्ट्रीय लोक अदालत में धारा 138 एन.आई. अधिनियम से संबंधित मामले, मनी रिकवरी, वाहन दुर्घटना दावा प्रकरण, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिल, भरण-पोषण, वैवाहिक विवाद (तलाक संबंधी मामलों को छोड़कर), भू-अधिग्रहण, सेवाओं से जुड़े वेतन एवं भत्ते, सेवानिवृत्ति संबंधी मामले, जिला एवं उच्च न्यायालय में लंबित राजस्व प्रकरण तथा किराया, सुखभोग अधिकार (गुजारा भत्ता), हिदायत संबंधी एवं विशिष्ट प्रदर्शन सूट सहित अन्य दीवानी मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त कंपाउंडेबल आपराधिक मामलों को भी राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर निपटाया जाएगा।
इन न्यायालयों में कर सकते हैं संपर्क
उन्होंने बताया कि संबंधित न्यायिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इच्छुक पक्षकार अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में सूचीबद्ध कराने के लिए न्यायिक न्यायालय परिसर रामपुर बुशहर, न्यायिक न्यायालय परिसर रिकांग पिओ (जिला किन्नौर), न्यायिक न्यायालय परिसर आनी (जिला कुल्लू) अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रिकांग पिओ के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।
संपर्क विवरण
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, किन्नौर के दूरभाष नंबर 01786-223605 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा secy-dlsa-kin-hp@gov.in ईमेल आईडी के माध्यम से भी राष्ट्रीय लोक अदालत, मामलों की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
