Lok Adalat / सुप्रीम कोर्ट के समाधान समारोह-2026 के लिए सोलन में 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन, अगस्त में लगेंगी विशेष लोक अदालतें
Lok Adalat : सुप्रीम कोर्ट द्वारा आयोजित समाधान समारोह-2026 के तहत लंबित मामलों के आपसी सहमति एवं मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस अभियान के अंतर्गत 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है।
सोलन
समाधान समारोह के तहत चल रहा विशेष अभियान
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशान्त सिंह नेगी ने बताया कि आम लोगों के लिए न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह-2026 का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से किया गया है। इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का समाधान आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा रहा है। अभियान का समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालतों के साथ होगा।
राज्य से लेकर जिला स्तर तक हो रही मध्यस्थता बैठकें
उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 से ही सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन प्रारंभ किया जा चुका है। ये बैठकें राज्य, जिला, तालुका तथा उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के अंतर्गत स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति स्थापित करने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार व्यक्तिगत रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से भी इन बैठकों में शामिल हो सकते हैं।
31 जुलाई तक किया जा सकता है ऑनलाइन आवेदन
सचिव प्रशान्त सिंह नेगी ने अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों से इस विशेष अभियान में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह विशेष लोक अदालत-2026 में लंबित मामलों को शामिल कराने के लिए एक सरल ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भरकर आवेदन किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
वन स्टॉप सेंटर वार रूम से भी मिलेगी सहायता
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अथवा समाधान समारोह से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक पक्षकार वन स्टॉप सेंटर वार रूम से भी सहायता ले सकते हैं। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लोगों को आवेदन प्रक्रिया और मध्यस्थता संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि पात्र मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
