Loading...

Lok Adalat / सर्वोच्च न्यायालय के समाधान समारोह 2026 के तहत विशेष लोक अदालतें अगस्त में, 31 जुलाई तक करें आवेदन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 58 Mins Ago • 1 Min Read

Lok Adalat : सर्वोच्च न्यायालय के समाधान समारोह 2026 के तहत 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा, जहां आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से पात्र लंबित मामलों के निस्तारण का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा ने अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर इस विशेष अभियान का लाभ उठाने तथा अपने मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने का आग्रह किया है।

चम्बा

समाधान समारोह 2026 के तहत विशेष लोक अदालतों का आयोजन

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने बताया कि आम नागरिकों को सुलभ, त्वरित और सहमति आधारित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से किया गया है और इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों के समाधान के लिए सुलह, संवाद और मध्यस्थता की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाते हुए ऐसे मामलों का सहमति के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करना है, जिनमें दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हों।

21 से 23 अगस्त को लगेगी विशेष लोक अदालत

उन्होंने बताया कि 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। इन लोक अदालतों में ऐसे मामलों को शामिल किया जाएगा, जिनका निस्तारण आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा सकता है। समाधान समारोह के तहत राज्य, जिला, तालुका तथा उच्च न्यायालय स्तर पर स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।

31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर

एकांश कपिल ने अधिवक्ताओं एवं सभी संबंधित पक्षकारों से इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों को समाधान समारोह 2026 की विशेष लोक अदालत में शामिल करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक पक्षकार निर्धारित गूगल फॉर्म भरकर अपने मामले को विशेष लोक अदालत के लिए पंजीकृत करा सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध समाधान समारोह पोर्टल देखा जा सकता है।

आवेदन लिंक:
Supreme Court Samadhan Samaroh 2026 Portal

सहायता के लिए संपर्क सुविधा उपलब्ध

उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया अथवा समाधान समारोह से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्थापित वन स्टॉप सेंटर से संपर्क किया जा सकता है। वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) के संपर्क नंबर 011-23112428 एवं 011-23112528 हैं, जबकि अतिरिक्त भवन परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर के लैंडलाइन नंबर 011-23116464 और 011-23116465 उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त सी.आर.पी. निदेशक से 011-23115652 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Related Topics: