EKYC / 16 अगस्त से पहले पूरी करें ई-केवाईसी, नहीं तो गैस सब्सिडी हो सकती है प्रभावित
घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए 16 अगस्त तक ई-केवाईसी करवाना आवश्यक कर दिया गया है। बंगाणा गैस एजेंसी ने सभी उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा से पहले प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। एजेंसी का कहना है कि समय पर ई-केवाईसी नहीं करवाने पर गैस सब्सिडी प्रभावित हो सकती है और भविष्य में बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर मिलने जैसी स्थिति भी बन सकती है।
ऊना/बंगाणा/वीरेंद्र बन्याल
बंगाणा गैस एजेंसी के संचालक मदन सोनी ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वास्तविक लाभार्थियों तक एलपीजी सब्सिडी का लाभ पहुंचाना और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक लंबित है, इसलिए सभी पात्र उपभोक्ता जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें।
आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें
एजेंसी की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि उपभोक्ता आधार कार्ड, गैस उपभोक्ता संख्या और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ गैस एजेंसी पहुंचकर अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। समय पर प्रक्रिया पूरी होने से गैस सब्सिडी का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहेगा और भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अंतिम समय का इंतजार न करें
मदन सोनी ने कहा कि अंतिम तिथि नजदीक आने पर एजेंसी में भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में उपभोक्ता अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द ई-केवाईसी करवा लें। उन्होंने लोगों से इस सूचना को अन्य गैस उपभोक्ताओं तक भी पहुंचाने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र परिवार केवल ई-केवाईसी लंबित रहने के कारण सरकारी सब्सिडी के लाभ से वंचित न रहे।