Loading...

LPG Gas Crisis / राजगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी से बढ़ी परेशानी, ओटीपी के बावजूद नहीं मिला सिलेंडर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Jun 2026 • 1 Min Read

LPG Gas Crisis : सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है। हालात ऐसे हैं कि गैस बुकिंग का ओटीपी मिलने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। गैस एजेंसी में बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन सीमित उपलब्धता के कारण कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

सीमित आपूर्ति के कारण बढ़ी दिक्कत

जानकारी के अनुसार शनिवार को राजगढ़ गैस एजेंसी में गैस सिलेंडरों से भरा वाहन पहुंचा, जिसमें कुल 362 सिलेंडर उपलब्ध थे। इनमें से 162 सिलेंडर उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भेजे गए, जहां पिछले कई महीनों से गैस आपूर्ति प्रभावित थी। इसके अलावा 76 सिलेंडर राजगढ़ शहर के उपभोक्ताओं की पूर्व बुकिंग के लिए सुरक्षित रखे गए। शेष सिलेंडरों का वितरण एजेंसी परिसर में मौजूद उपभोक्ताओं को किया गया।

घंटों कतार में खड़े रहे उपभोक्ता

एजेंसी परिसर में करीब 130 उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए कतार में पहुंचे थे, जबकि उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या केवल 86 थी। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों को लंबे समय तक इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाया। गैस सिलेंडरों की कमी के चलते उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखी गई। लोगों का कहना है कि घरेलू कार्यों के लिए गैस सिलेंडर आवश्यक है और आपूर्ति प्रभावित होने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

बद्दी प्लांट से आपूर्ति प्रभावित होने का असर

गैस एजेंसी अधिकारियों के अनुसार बद्दी स्थित प्लांट से गैस की आपूर्ति समय पर नहीं पहुंचने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से गैस आपूर्ति नहीं हो पाई थी, इसलिए वहां वितरण को प्राथमिकता दी गई। उनका कहना है कि जैसे ही बद्दी प्लांट से नियमित आपूर्ति शुरू होगी, राजगढ़ क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सामान्य हो जाएगी।

Related Topics: