Loading...

तियारा में पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया को अंतिम विदाई, बेटे ने दी मुखाग्नि

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांगड़ा के तियारा में पूर्व मंत्री और शाहपुर से पांच बार विधायक रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया का अंतिम संस्कार किया गया। विदेश से लौटे बेटे ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। बैंड-बाजे के साथ निकली अंतिम यात्रा में स्थानीय लोगों, पूर्व सैनिकों और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

कांगड़ा/तियारा

मेजर विजय सिंह मनकोटिया की पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव तियारा स्थित घर पर कुछ समय के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। उनके बेटा और बेटी विदेश में थे और दोनों के गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद बैंड-बाजे के साथ अंतिम यात्रा श्मशानघाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम संस्कार के दौरान बेटे ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी, जिसके बाद मेजर मनकोटिया पंचतत्व में विलीन हो गए। अंतिम यात्रा में स्थानीय लोगों के साथ कांगड़ा और हिमाचल प्रदेश के अन्य हिस्सों से आए पूर्व सैनिक भी शामिल हुए। उनके सम्मान में तियारा बाजार बंद रहा और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। तियारा पंचायत के पूर्व प्रधान संदीप मनकोटिया ने बताया कि शवयात्रा में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पूर्व सैनिक और कांगड़ा के लोग पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित कांग्रेस तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे मेजर मनकोटिया शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे थे। उनके अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अंतिम विदाई दी।