मलगांव स्कूल में विज्ञान मॉडल और सांस्कृतिक प्रदर्शनी से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत आयोजित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विज्ञान और गणित के मॉडल, पोस्टर, रंगोली तथा पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने गतिविधियों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उनका उत्साह बढ़ाया।
नाहन
विद्यालय में बुधवार को सदनवार आयोजित गतिविधियों के दौरान गणित एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वैज्ञानिक सोच, नवाचार और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ गतिविधि के अंतर्गत विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसके माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की गई।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए मॉडल, पोस्टर, रंगोलियां और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी देखी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमटा की विज्ञान अध्यापिका दीपा और अनूप ठाकुर सहित एसएमसी सदस्य, विद्यालय के शिक्षक तथा विद्यार्थी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।
विद्यालय के कार्यकारी मुख्याध्यापक संदीप कुमार ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, सहयोग, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और विभिन्न संस्कृतियों के सम्मान की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देना तथा उनमें नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की समझ विकसित करना रहा। उन्होंने निरीक्षण और उत्साहवर्धन के लिए उपनिदेशक का आभार व्यक्त किया।