मंडलाहां में पहली बार दौड़ी बस: पगडंडियों से सड़क तक, छतों से लोगों ने कैद किया ऐतिहासिक नजारा
Himachalnow / नाहन
मंडलाहां गांव में पहली बार बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और इसे ऐतिहासिक क्षण बताया गया। विधायक अजय सोलंकी स्वयं बस की फ्रंट सीट पर बैठकर अपने पैतृक गांव पहुंचे और सड़क का लोकार्पण किया।इस बस सेवा और नई सड़क परियोजनाओं से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी। सरकार ने आगे और भी सड़क योजनाओं की स्वीकृति की जानकारी दी।
नाहन
धारटीधार के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बसे नेहली धीड़ा पंचायत के मंडलाहां गांव में शुक्रवार को विकास का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने वर्षों की प्रतीक्षा को उत्सव में बदल दिया। जहां कभी लोग जंगलों के बीच पगडंडियों से गुजरते थे, वहीं अब उसी रास्ते पर पहली बार सरकारी बस दौड़ी।बस जैसे ही पहाड़ों को चीरती हुई और घने जंगलों के बीच से गुजरते हुए गांव की ओर बढ़ी, लोग घरों की छतों, आंगनों और रास्तों पर खड़े होकर इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। पहाड़ी सादगी और खुशी का यह दृश्य हर किसी को भावुक कर देने वाला था।
इस ऐतिहासिक यात्रा में नाहन के विधायक अजय सोलंकी खुद बस की फ्रंट सीट पर बैठकर अपने पैतृक गांव पहुंचे। गांव में उनके पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने अपने ‘धरतीपुत्र’ विधायक का अभिनंदन किया और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।दरअसल, जमटा-महीपुर मुख्य मार्ग पर काटल से मंडलाहां तक करीब 70 लाख रुपये की लागत से बने 3 किलोमीटर लंबे लिंक रोड के उद्घाटन के साथ यह बस सेवा शुरू हुई है। विधायक सोलंकी ने विधिवत रूप से सड़क का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही उन्होंने मंडलाह से डगजार तक बनने वाली ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास भी किया, जिस पर 82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।विधायक सोलंकी ने कहा कि इस सड़क और बस सेवा से सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और अब लोगों को आवागमन के लिए कठिन पगडंडियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि बस रोजाना शाम के समय मंडलाहां तक पहुंचेगी।उन्होंने जानकारी दी कि मंडलाह से खडग चाकली तक करीब 7 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 12.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसके टेंडर जारी किए जाएंगे। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र की हजारों आबादी को लाभ मिलेगा।
सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दुर्गम क्षेत्रों को सड़क सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और जमीनी स्तर पर तेजी से काम हो रहा है।इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकार के दावे जमीन पर नजर नहीं आए, जबकि वर्तमान सरकार वास्तविक विकास को प्राथमिकता दे रही है।कार्यक्रम में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, तहसीलदार उपेंद्र चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आलोक जनवेजा, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग देवानंद पुंडीर सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


