मंडी के धर्मपुर में 11 वर्षीय बच्ची की मौत, मोबाइल चलाने पर टोके जाने के बाद की घटना
मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल में 11 वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर फंदा लगाने से मौत हो गई। घटना से पहले मां और नानी ने उसे लगातार मोबाइल चलाने पर टोका था और फोन वापस ले लिया था। परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंडी/धर्मपुर
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बच्ची की मां और नानी ने मोबाइल के लगातार इस्तेमाल को लेकर उसे समझाया और फोन अपने पास रख लिया। इसके बाद दोनों रात का खाना बनाने के लिए रसोई में चली गईं। भोजन तैयार होने पर बच्ची को आवाज दी गई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। मां ने भीतर जाकर देखा तो बच्ची खिड़की की लोहे की ग्रिल से लगे फंदे पर मिली। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। बताया गया है कि बच्ची के पिता चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।