रूस में नौकरी के नाम पर लाखों वसूलने का आरोप, टूरिस्ट वीजा पर भेजे मंडी के पांच युवक
मंडी जिले के पांच युवकों ने रूस में अच्छी नौकरी और अधिक वेतन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एजेंटों ने वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा पर रूस भेज दिया, जहां तय नौकरी नहीं मिली। पांच युवक भारत लौट आए हैं, जबकि उनके अनुसार आठ अन्य साथी अब भी रूस में फंसे हैं।
मंडी
पीड़ित युवकों ने अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और रूस में फंसे साथियों को सुरक्षित भारत लाने के लिए प्रशासन से सहायता मांगी। मनोहर लाल सहित पांच युवकों का आरोप है कि सुंदरनगर के एक एजेंट ने बैजनाथ के अपने साथी के साथ मिलकर रूस की एक कंपनी में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था। संजू लाल, जगदीश, दुनी चंद और नोखू राम सहित करीब 13 लोगों से विदेश में नौकरी दिलाने के बदले लाखों रुपये वसूले गए।
तय नौकरी के बजाय दूसरे काम करवाने का आरोप
युवकों के अनुसार रूस पहुंचने के बाद उन्हें एक पाकिस्तानी व्यक्ति के हवाले कर दिया गया। जिस गोदाम में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था, वहां उन्हें काम नहीं मिला। इसके बजाय उनसे बर्तन साफ करवाए गए और अस्तबल में काम कराया गया। ठगी का एहसास होने के बाद पांच युवक किसी तरह भारत लौटने में सफल रहे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और रूस में फंसे आठ साथियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की शिकायत की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि बलद्वाड़ा क्षेत्र के युवकों ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों ने प्रशासन के सामने अपनी आपबीती रखते हुए न्याय की गुहार लगाई है।