श्री मणिमहेश यात्रा / यात्रा तैयारियों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, बिना पंजीकरण यात्रा नहीं करने की अपील
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर चंबा जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने हड़सर से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने और मौसम की जानकारी लेने की भी अपील की।
भरमौर
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हड़सर गांव से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, ठहराव स्थलों, शौचालयों, कूड़ा-कचरा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जाने वाली अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री नहीं होगी
उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग में छोटी क्षमता वाली पानी की बोतलों तथा नमकीन सहित छोटे पैकेटों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मणिमहेश घाटी के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के उद्देश्य से लिया गया है।

मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने धनछो के समीप दुनाली में पैदल पुल और सड़क तथा सुंदरासी से ऊपर ग्लेशियर प्वाइंट की मरम्मत कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रा से पहले पंजीकरण कराना होगा अनिवार्य
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर रवाना होने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाएं और मौसम की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा शुरू करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, इसलिए बिना पंजीकरण यात्रा नहीं करें। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी अजय कुमार, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।