Loading...

मणिमहेश यात्रा 2026 के लिए बचाव दलों की जिम्मेदारियां तय, हड़सर से डल झील तक होगी तैनाती

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

मणिमहेश यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न बचाव दलों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। हड़सर से मणिमहेश डल झील तक यात्रा मार्ग पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस विभाग तथा पर्वतारोहण एवं बचाव दल के कर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये दल संभावित आपदा, भू-स्खलन, पत्थर गिरने, अचानक मौसम खराब होने और मार्ग बंद होने जैसी परिस्थितियों में खोज एवं बचाव कार्य करेंगे।

भरमौर

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों की तैयारियों को लेकर बुधवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस विभाग और पर्वतारोहण एवं बचाव दल के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान बचाव दलों की तैनाती, उनकी जिम्मेदारियों, विभागों के बीच समन्वय और किसी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की टुकड़ियां यात्रा मार्ग पर तैनात रहकर आपदा या अन्य आपात स्थिति में खोज एवं बचाव कार्य के साथ प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराएंगी। आवश्यकता पड़ने पर ये दल श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में भी सहयोग करेंगे। पर्वतारोहण एवं बचाव दल दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने तथा कठिन परिस्थितियों में त्वरित बचाव अभियान चलाने में सहायता देगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा ने सभी संबंधित विभागों और दलों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Related Topics: