Loading...

मणिमहेश यात्रा में ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, प्रतिदिन 5,000 श्रद्धालुओं की सीमा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 42 Mins Ago • 1 Min Read

श्री मणिमहेश यात्रा इस वर्ष 4 से 9 सितम्बर तक आयोजित की जाएगी। यात्रा में शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए मणिमहेश न्यास के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं के प्रबंधन के लिए प्रतिदिन 5,000 यात्रियों की सीमा तय की गई है। बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

धर्मशाला

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि चम्बा जिले में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा के लिए श्रद्धालु https://www.manimaheshyatra.hp.gov.in/register पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। इस यात्रा में प्रतिवर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन करने और पवित्र मणिमहेश झील में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रित रखने और व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दैनिक सीमा निर्धारित की गई है।

उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से निर्धारित संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्रा शुरू करने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासन और मणिमहेश न्यास को सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संचालन में सहायता मिलेगी। यात्रियों से यात्रा की पवित्रता और धार्मिक आस्था का सम्मान बनाए रखने के साथ ही यात्रा मार्ग तथा पर्वतीय क्षेत्रों में गंदगी या कचरा नहीं फैलाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील भी की गई है।