Loading...

मणिमहेश यात्रा आज से, सुबह चार बजे रवाना होंगे श्रद्धालु; जगह-जगह जवान तैनात

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

श्री मणिमहेश यात्रा बुधवार सुबह चार बजे से आधिकारिक रूप से शुरू होगी। भरमौर प्रशासन ने हड़सर से मणिमहेश कैलाश तक पैदल मार्ग का विस्तृत निरीक्षण करने के बाद इसे श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुरक्षित पाया है। यात्रा के दौरान प्रतिदिन अधिकतम 5,000 श्रद्धालुओं को आगे भेजा जाएगा। हड़सर में मेडिकल जांच और फिटनेस टेस्ट के बाद ही यात्रा की अनुमति मिलेगी, जबकि सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड और आईटीबीपी के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं।

चम्बा/भरमौर

एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 26 अगस्त से हड़सर के रास्ते श्री मणिमहेश कैलाश की पैदल यात्रा पुनः शुरू की जा रही है। श्रद्धालु सुबह चार बजे से यात्रा आरंभ कर सकेंगे। प्रशासन ने पर्यटकों, यात्रियों और श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। निरीक्षण में पैदल यात्रा मार्ग की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के साथ आवागमन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

शाम सात से सुबह चार बजे तक यात्रा बंद

प्रशासन के अनुसार मणिमहेश यात्रा प्रतिदिन शाम सात बजे से अगली सुबह चार बजे तक बंद रहेगी। इस अवधि में किसी भी यात्री को यात्रा मार्ग पर आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रात के समय पैदल मार्ग पर सामने आने वाली संभावित कठिनाइयों को ध्यान में रखकर लागू की गई है। एसडीएम अजय कुमार सिंह ने कहा कि घोड़ों और खच्चरों के आवागमन के संबंध में प्रशासन की ओर से अलग आदेश जारी किए जाएंगे।

मेडिकल जांच के बाद मिलेगी अनुमति

यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य किया गया है। हड़सर में मेडिकल जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। भरमौर प्रशासन ने यात्रा व्यवस्था के लिए एक हजार पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात किए हैं। इसके अलावा पहली बार 40 से अधिक आईटीबीपी जवान भी तैनात किए गए हैं। अस्वस्थ पाए जाने वाले श्रद्धालुओं और 75 वर्ष से अधिक आयु के अस्वस्थ लोगों को मणिमहेश की ओर आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।

Related Topics: