Loading...

Mann ki Baat: पीएम मोदी ने की मन की बात, बोले- 2022 में हर क्षेत्र में दिखा भारत का दम

SAPNA THAKUR • 25 Dec 2022 • 1 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 25 दिसंबर को अपने खास रेडियो प्रोग्राम “मन की बात” में इस साल का आखिरी संबोधन दिया। पीएम के खास प्रोग्राम का आज 96वां एडिशन था। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण का एक बार फिर खतरा मंडरा रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात में लोगों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने मास्क लगाने और एहतियात बरतने की सलाह दी। मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, “हम देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। हमें सावधान रहने, मास्क पहनने और हाथ धोने की जरूरत है।”

पीएम मोदी ने 2022 में हासिल किए मुकाम पर की चर्चा
पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 वाकई कई मायनों में बहुत ही प्रेरक रहा, अद्भुत रहा। इस साल भारत ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे किए और इसी वर्ष अमृतकाल का प्रारंभ हुआ। इस साल देश ने नई रफ्तार पकड़ी, सभी देशवासियों ने एक से बढ़कर एक काम किया। कहा कि 2022 में हर क्षेत्र में भारत का दम दिखा।

देशवासियों ने एक और अमर इतिहास लिखा
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा 2022 में देशवासियों ने एक और अमर इतिहास लिखा है। अगस्त के महीने में चला ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भला कौन भूल सकता है। वो पल थे हर देशवासी के रौंगटे खड़े हो जाते थे। आजादी के 75 वर्ष के इस अभियान में पूरा देश तिरंगामय हो गया। 6 करोड़ से ज्यादा लोगो ने तो तिरंगे के साथ सेल्फी भी भेजीं।

पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। मन की बात में पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी महान व्यक्तित्व वाले थे। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने शिक्षा, विदेश नीति और इंफ्रास्ट्रक्चर सहित हर क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

पीएम मोदी ने दी क्रिसमस की शुभकामनाएं
मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज दुनियाभर में धूमधाम से क्रिसमस का त्योहार भी मनाया जा रहा है। ये ईसा मसीह के जीवन, उनकी शिक्षाओं को याद करने का दिन है। मैं आप सभी को क्रिसमस की ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।