एमसीएलएफ हिम आँचल की वार्षिक आम सभा में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने का संकल्प
जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा में एमसीएलएफ हिम आँचल की वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने का संकल्प लिया गया।
ऊना/बंगाणा/वीरेंद्र बन्याल
आम सभा में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के.एल. वर्मा ने विशेष रूप से महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाओं का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं और उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऋण के रूप में प्राप्त धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर अपनी आजीविका को मजबूत बना सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सामूहिक प्रयास, आपसी सहयोग और सही वित्तीय प्रबंधन से महिलाएं स्वरोजगार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
बैठक के दौरान एमसीएलएफ हिम आँचल की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा संस्था के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। चर्चा के बाद वार्षिक आय-व्यय का विवरण पारदर्शिता एवं सर्वसम्मति के साथ पारित किया गया। आम सभा में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने और महिलाओं को स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में मिलकर कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।