Loading...

Mega Mock Drill / मॉक ड्रिल में तहसील भवन ढहने की स्थिति का अभ्यास, घायलों का किया रेस्क्यू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Mega Mock Drill : संगड़ाह में राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल के तहत आपदा प्रबंधन तैयारियों का व्यापक परीक्षण किया गया। पुराने तहसील भवन के ढहने की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। विभिन्न विभागों ने समन्वय के साथ घायलों का रेस्क्यू कर आपदा से निपटने की क्षमता का प्रदर्शन किया।

संगड़ाह

सिरमौर जिला के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में रविवार को राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल के तहत आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के लिए व्यापक अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुराने तहसील कार्यालय भवन के भूकंप अथवा अन्य आपदा के कारण ढह जाने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें कई लोगों के मलबे में दबने और घायल होने की सूचना प्रसारित की गई।

सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ के नेतृत्व में पुलिस, होम गार्ड, अग्निशमन विभाग, वन विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दलों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बीडीओ कार्यालय में स्थापित अस्थायी मेडिकल कैंप में पहुंचाया गया, जहां से उन्हें आगे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों के उपयोग का भी परीक्षण किया गया। अभ्यास के माध्यम से यह परखा गया कि किसी वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं।

ड्रिल के समापन पर एसडीएम सुनील कायथ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भविष्य में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुझाव भी प्राप्त किए।