मिंजर क्रिकेट टूर्नामेंट-2026: सौरभ-11 बिहार ने जालपा-11 को 46 रन से हराकर जीता खिताब
मिंजर क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के फाइनल मुकाबले में सौरभ-11 बिहार ने जालपा-11 को 46 रन से हराकर खिताब जीत लिया। सौरभ-11 बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 197 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालपा-11 की टीम 151 रन ही बना सकी। समापन समारोह में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
चम्बा
टूर्नामेंट के समापन समारोह में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विजेता सौरभ-11 बिहार को ट्रॉफी और 51 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता जालपा-11 की टीम को 41 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं मिंजर मेला खेलकूद आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय सिंह सकलानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं। इनके माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी देती हैं।
मुकेश रेपस्वाल ने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने मिंजर क्रिकेट टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, खिलाड़ियों और प्रतियोगिता से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में जिला क्रिकेट संगठन के विभिन्न प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।