Missing / बल्ह क्षेत्र से लापता महिला की तलाश में बीएसएल जलाशय में एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी
Missing : मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र से लापता 32 वर्षीय महिला की तलाश में एनडीआरएफ द्वारा सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
मंडी
26 मई से लापता है महिला
मंडी जिला के बल्ह पुलिस थाना क्षेत्र के मंदिर टांडा इलाके की निवासी 32 वर्षीय तारा देवी 26 मई की रात से लापता बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार महिला घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों से संपर्क करने के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल पाया। बाद में मामले की शिकायत पुलिस थाना बल्ह में दर्ज करवाई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
बीएसएल जलाशय में चलाया गया सर्च अभियान
मामले की जांच के दौरान परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने बीएसएल नहर में छलांग लगाई हो सकती है। इस संभावना को देखते हुए वीरवार को एनडीआरएफ की दो टीमों को सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय और नहर क्षेत्र में सर्च अभियान के लिए तैनात किया गया। टीमों ने पूरे दिन जलाशय और आसपास के हिस्सों में तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया। सर्च अभियान में स्थानीय पुलिस भी सहयोग कर रही है।
दो बच्चों को छोड़ गई महिला
जानकारी के अनुसार महिला अपने पीछे 7 वर्षीय बेटा और 10 वर्षीय बेटी छोड़ गई है। महिला के लापता होने के बाद परिवार के सदस्य लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की तलाश के लिए एनडीआरएफ की सहायता ली गई है और बीएसएल जलाशय तथा नहर क्षेत्र में सर्च अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है तथा महिला से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।