Missing / सुंदरनगर के डैहर क्षेत्र से 19 वर्षीय युवती लापता, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की तलाश
Missing : सुंदरनगर की डैहर उप तहसील के भंतरेहड़ क्षेत्र से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है तथा सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
मंडी/सुंदरनगर
घर से दवाई लेने गई थी युवती
मंडी जिले के सुंदरनगर की डैहर उप तहसील के अंतर्गत भंतरेहड़ क्षेत्र से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार युवती 21 जुलाई को घर से दवाई लेने के लिए डैहर गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
युवती की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परिवार ने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। शिकायत में आशंका व्यक्त की गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने युवती को अपने साथ ले गया हो। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभिन्न स्थानों पर चल रही तलाश
डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस युवती की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर खोजबीन कर रही है। उपलब्ध तथ्यों, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य संभावित पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना का सत्यापन किया जा रहा है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।