Loading...

Missing / चंडीगढ़ के लिए घर से निकली छात्रा लापता, कई दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Missing / ऊना जिले के अंब उपमंडल से एक 18 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा घर से चंडीगढ़ जाने के लिए निकली थी, लेकिन तय स्थान तक नहीं पहुंची। कई दिनों की तलाश के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।

ऊना/अंब

पुलिस के अनुसार लापता युवती अंब क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और चंडीगढ़ के एक निजी कॉलेज में अध्ययनरत है। अवकाश होने के कारण वह पिछले करीब दो महीने से अपने घर पर रह रही थी। 30 जुलाई को वह घर से निकल गई, लेकिन इस बारे में परिवार के किसी सदस्य को जानकारी नहीं दी। बाद में पता चला कि उसने चंडीगढ़ जाने की बात कही थी, मगर वहां भी नहीं पहुंची।

रिश्तेदारों के यहां भी नहीं मिला कोई सुराग

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और चंडीगढ़ में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल सका। छात्रा अपना मोबाइल फोन भी घर पर छोड़कर गई है, जिससे उससे संपर्क करना संभव नहीं हो पा रहा है। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस छात्रा की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल जारी है।

Related Topics: