Monsoon Alert / हिमाचल में 2 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी
Monsoon Alert : हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 27 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 से 31 जुलाई के दौरान कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
शिमला
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शिमला, जुब्बड़हट्टी, सुंदरनगर, मुरारी देवी और कांगड़ा में गरज के साथ बिजली भी रिकॉर्ड की गई। सोलन जिले के कंडाघाट में सबसे अधिक 106.4 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा बिलासपुर के काहू में 40.2 मिमी, कुल्लू के कोठी में 39.2 मिमी, शिमला के सराहन में 34.5 मिमी, मंडी के जोगिंद्रनगर में 31 मिमी, सिरमौर के जट्टों बैराज में 24.4 मिमी तथा शिमला शहर में 16.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले कई दिनों तक वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है।
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई को बिलासपुर, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 28 जुलाई को सोलन, सिरमौर, मंडी और शिमला में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कुछ क्षेत्रों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 27 से 29 जुलाई के बीच किन्नौर और लाहौल-स्पीति में अनेक स्थानों पर तथा प्रदेश के शेष जिलों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। शिमला शहर में भी 26 से 28 जुलाई के बीच गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।
तापमान में गिरावट, लोगों और किसानों को राहत
बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान ऊना में 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं नाहन और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश से कई दिनों से पड़ रही उमस से लोगों को राहत मिली। मौसम सुहावना होने के साथ कृषि क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार समय पर हुई वर्षा नकदी फसलों और फलदार पौधों की बढ़वार के लिए लाभकारी साबित हो सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के समीप नहीं जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।