Monsoon Alert: हिमाचल में मकान ढहा, कालका-शिमला रेल ट्रैक हवा में लटका; भारी बारिश की चेतावनी
Monsoon Alert: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से सोलन जिले के परवाणू में एक रिहायशी मकान ढह गया, जबकि कालका-शिमला रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचने से सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। प्रदेश के कई क्षेत्रों में सड़कें बंद हुई हैं और घरों में पानी घुसा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 31 अगस्त से 3 सितंबर तक कई स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भूस्खलन और बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश
परवाणू के टकसाल क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई तेज बारिश के दौरान एक मकान गिर गया और तीन अन्य मकानों पर भी ढहने का खतरा पैदा हो गया। प्रशासन ने तीनों मकानों को खाली करवाकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। क्षेत्र के कई घरों में पानी घुस गया। बारिश के तेज बहाव में कई वाहन बह गए, जबकि कुछ वाहन मलबे की चपेट में आए। शिमला में रविवार दोपहर 3:30 से शाम 5:45 बजे तक 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया।
कालका-शिमला रेल सेवा बंद
शनिवार रात हुई बारिश से कालका-शिमला रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा है। कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशन के आसपास दो स्थानों पर ट्रैक पर मलबा आ गया, जबकि ट्रैक के नीचे की मिट्टी बहने से रेल लाइन हवा में लटक गई। इस रेल मार्ग पर चलने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। ट्रैक की मरम्मत पूरी होने तक रेल यातायात बंद रहेगा। रविवार को शिमला, बिलासपुर, परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश हुई। शिमला के खलीनी में दो कारों पर पेड़ गिरने की घटना सामने आई है।
सोलन के रामशहर क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे मूसलाधार बारिश के कारण रामशहर-स्वारघाट मार्ग पर गुनाहकलां के पास पहाड़ी से बड़े पत्थर और भारी मलबा सड़क पर गिर गया। इसके कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मंडी जिले में भारी बारिश के बाद 24 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। सबसे अधिक असर सराज क्षेत्र में पड़ा है, जहां 17 सड़कें अवरुद्ध हैं। कांगड़ा जिले में रविवार को बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ धुंध भी दर्ज की गई।
चार दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। एक सितंबर को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दो सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर तथा तीन सितंबर को सिरमौर में भारी बारिश की संभावना है। पांच सितंबर तक मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
