15 अगस्त तक सिरमौर के 23,074 युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य
सिरमौर जिले में 15 अगस्त 2026 तक 23,074 युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला युवा सलाहकार समिति युवाओं को पंजीकरण, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करेगी।
नाहन
जिला सिरमौर में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और मेरा युवा भारत (माय भारत) अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को उपायुक्त कार्यालय नाहन के सभागार में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी लायक राम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम लायक राम वर्मा ने कहा कि जिला स्तर पर गठित युवा सलाहकार समिति युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए वार्षिक युवा कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन का कार्य करेगी। समिति का उद्देश्य युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करना, विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करना तथा युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार सिरमौर की कुल जनसंख्या 5,29,855 है, जिसमें लगभग 1.95 लाख युवा शामिल हैं। 30 जून 2026 तक जिले के 16,856 युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 15 अगस्त 2026 तक 23,074 युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।एडीएम ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं से अपील की कि वे 15 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं और राष्ट्र निर्माण की इस पहल का हिस्सा बनें।
बैठक में जिला युवा अधिकारी माय भारत सिरमौर अमृषा शर्मा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जिला में आयोजित किए जाने वाले युवा विकास कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
