Loading...

नाहन बस स्टैंड से बैग चोरी का पर्दाफाश, चार आरोपी नामजद; नकदी-सामान की शत-प्रतिशत रिकवरी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन बस स्टैंड से एक बुजुर्ग का पिठ्ठू बैग चोरी होने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को नामजद किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी हुए करीब 14 हजार रुपये, बैंक पासबुक, चेकबुक और बैग बरामद कर लिया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को नोटिस देकर पाबंद किया गया है।

नाहन

पुलिस के अनुसार, गांव गुंडाह क्यारी निवासी 60 वर्षीय बीर सिंह ने सात अगस्त 2026 को थाना नाहन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब पांच बजे वह नाहन बस स्टैंड पर लघुशंका के लिए गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका काले रंग का पिठ्ठू बैग चोरी कर लिया। बैग में एसबीआई की पासबुक, करीब 14 हजार रुपये नकद और एक चेकबुक थी। शिकायत के आधार पर एफआईआर संख्या 147/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

मामले की जांच पुलिस चौकी कच्चा टैंक के मुख्य आरक्षी सिद्धार्थ गौतम ने की। पुलिस ने एचआरटीसी नाहन बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान मोहल्ला गोबिंदगढ़ निवासी 20 वर्षीय सतवंत सिंह के रूप में की गई। पुलिस ने उसे आठ अगस्त 2026 की रात 12:50 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी का तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया और बीएसए की धारा 23(2) के तहत उसका बयान दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुआ पिठ्ठू बैग, बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद कर ली गई। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 22 अगस्त 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान मामले में तीन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें भी जांच में शामिल किया।

तीन अन्य आरोपी जांच में शामिल

पुलिस ने 10 अगस्त 2026 को जालंधर निवासी 33 वर्षीय सन्नी सिंह, मोहल्ला गोबिंदगढ़ निवासी 33 वर्षीय पलविन्द्र सिंह और इसी मोहल्ले के 37 वर्षीय बलिन्द्र सिंह को जांच में शामिल किया। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पलविन्द्र सिंह ने चोरी के 14 हजार रुपये पुलिस के समक्ष पेश किए, जिन्हें फर्द के माध्यम से कब्जे में लिया गया। तीनों आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में चोरी हुई पूरी नकदी और सामान बरामद कर लिया गया है। अब किसी अन्य वस्तु की बरामदगी शेष नहीं है। इस तरह पुलिस ने मामले में शत-प्रतिशत रिकवरी का दावा किया है। मुख्य आरोपी न्यायिक हिरासत में है और अन्य तीन नामजद आरोपियों के संबंध में नियमानुसार जांच की जा रही है।