Loading...

नाहन चौगान में धूमधाम से मनाया गया हिमाचल दिवस, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने फहराया तिरंगा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 15 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

नाहन में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग मंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

नाहन

जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार को जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। नाहन चौगान में उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।इस अवसर पर उन्होंने हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार सहित प्रदेश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने जिला वासियों को हिमाचल दिवस की 78वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं और कहा कि 15 अप्रैल 1948 को 30 छोटी-बड़ी रियासतों के विलय से हिमाचल प्रदेश अस्तित्व में आया था।

उन्होंने प्रदेश के निर्माण में योगदान देने वाले जननायकों और प्रदेशवासियों का आभार जताते हुए कहा कि आज हिमाचल पहाड़ी राज्यों में एक मॉडल के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनौतियों के बावजूद विकास कार्यों को गति देने में जुटी हुई है।उद्योग मंत्री ने बताया कि जिला सिरमौर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 54 हजार से अधिक लाभार्थियों को करीब 99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है, जबकि वर्तमान कार्यकाल में लगभग 14 हजार नए लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत भी जिले में 2 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे 386 अनाथ बच्चों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में जिला सिरमौर में सड़कों के निर्माण और उन्नयन पर 483 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। जिले में कुल 3481 किलोमीटर सड़क नेटवर्क में से 2084 किलोमीटर सड़कें पक्की हो चुकी हैं।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ-साथ मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चित नेगी, एपीएमसी अध्यक्ष सीताराम शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।