नाहन: मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में पांच गर्भवती महिलाओं को मुफ्त अल्ट्रासाउंड और पोषण किट
नाहन: ममता सर्कल प्रोजेक्ट के तहत आयोजित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में करीब 20 महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी दी गई। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों की पांच गर्भवती महिलाओं को मुफ्त अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा और पोषण किट भी उपलब्ध करवाई गई।
नाहन
रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स और इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक के संयुक्त तत्वावधान में 10 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को जरूरी सावधानियों, सुरक्षित प्रसव, स्तनपान और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई, ताकि गर्भावस्था के दौरान मां और बच्चे के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की अध्यक्ष रोटे. प्रगति सबलोक ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार तैयार करने की विधियां बताईं। इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक की सदस्यों ने महिलाओं को फल, दलिया और सत्तू वितरित किया। इस अवसर पर अलका जुनेजा, रचना ठाकुर, रूबी सोलंकी, दिलजीत कौर, अंजना ठाकुर, रोटे. प्रगति सबलोक और रोटे. कल्पना बंसल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।