Loading...

नाहन अस्पताल को रेफर अस्पताल बना दिया, 500 बिस्तरों का भवन खंडहर में तब्दील : बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 500 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण रोक दिए जाने से सिरमौर के हजारों मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि अस्पताल के लिए 117 बीघा भूमि और करीब 261 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई थी। पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं भी मौजूद हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य रोक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में 250 से अधिक डॉक्टर, करीब एक हजार पैरामेडिकल एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती होनी थी तथा प्रतिदिन करीब तीन हजार मरीजों की ओपीडी और 500 मरीजों के इंडोर उपचार की व्यवस्था प्रस्तावित थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में सिटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं प्रभावित हैं, जबकि आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड से उपचार में भी मरीजों को दिक्कतें आ रही हैं। कैंसर और हृदय रोग विभाग विकसित नहीं किए गए तथा ऑपरेशन थिएटर भी लंबे समय से बंद हैं। पुराने अस्पताल भवन की जर्जर हालत पर भी उन्होंने चिंता जताई। बिंदल ने कहा कि माता एवं शिशु अस्पताल के लिए स्वीकृत 20 करोड़ रुपये और नर्सिंग कॉलेज के लिए प्रस्तावित 70 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी पूरी नहीं हुई हैं।

उन्होंने कहा कि जनता ने हस्ताक्षर अभियान और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से मांग उठाई, लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार से 500 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण तत्काल शुरू करवाने और लंबित स्वास्थ्य परियोजनाओं को पूरा करने की मांग की। इस दौरान बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर नाहन विधानसभा क्षेत्र में सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

Related Topics: