Loading...

मेडिकल कॉलेज नाहन का रेडियोलॉजी विभाग विशेषज्ञ चिकित्सकों से खाली, सभी स्वीकृत पद हुए रिक्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन के रेडियोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों के सभी स्वीकृत पद रिक्त हो जाने से स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग पूरी तरह विशेषज्ञ विहीन हो गया है। ऐसे में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य महत्वपूर्ण जांच सेवाओं के प्रभावित होने और मरीजों की परेशानी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

नाहन

सेवानिवृत्ति और अन्य विशेषज्ञों के जाने से विभाग हुआ खाली

जानकारी के अनुसार रेडियोलॉजी विभाग में कुल आठ चिकित्सक पद स्वीकृत हैं, जिनमें प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर सहित अन्य पद शामिल हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में कोई भी रेडियोलॉजिस्ट कार्यरत नहीं बचा है। वहीं डॉ. अंजना और डॉ. ईशान पहले ही सेवा छोड़ने के लिए आवेदन दे चुके हैं, जबकि डॉ. रॉबिन का तबादला हमीरपुर हो चुका है। इसके चलते विभाग के सभी स्वीकृत चिकित्सक पद रिक्त हो गए हैं।

जूनियर रेजीडेंट के पद वर्षों से नहीं हुए स्वीकृत

सूत्रों के अनुसार मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजी विभाग के लिए जूनियर रेजीडेंट के पद लंबे समय से स्वीकृत नहीं हो पाए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग एक दशक से इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। इसके कारण विभाग में नए विशेषज्ञ तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रभावित रही है, जिससे भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की चुनौती और बढ़ गई है।

जांच सेवाओं पर बढ़ा संकट, मरीजों की चिंता गहराई

रेडियोलॉजी विभाग किसी भी मेडिकल कॉलेज की प्रमुख इकाइयों में शामिल होता है, जहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और अन्य रेडियोलॉजिकल जांचों के आधार पर मरीजों के उपचार की दिशा तय होती है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव का सबसे अधिक असर स्त्री एवं प्रसूति रोग, सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ सकता है। पहले से ही अल्ट्रासाउंड के लिए कई सप्ताह और कई बार महीनों बाद की तिथियां मिलने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसके कारण दूरदराज से आने वाले मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते थे और कई मरीज निजी अस्पतालों का सहारा लेने के लिए मजबूर हो जाते थे।

सरकार को भेजा गया रिक्त पदों का प्रस्ताव

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीत ढिल्लों ने पुष्टि करते हुए बताया कि विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंजना और डॉ. ईशान ने भी सेवा छोड़ने के लिए आवेदन दिया है, जबकि विभाग में अन्य कोई विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि रेडियोलॉजी विभाग के सभी आठ स्वीकृत चिकित्सक पद वर्तमान में रिक्त हैं। इस संबंध में सरकार को विस्तृत जानकारी भेज दी गई है तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने का आग्रह किया गया है।

Related Topics: