Loading...

कोढ़ में खाज! नाहन मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड के बाद अब एक्स-रे भी ठप, मरीज निजी अस्पतालों की ओर मजबूर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 52 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड व्यवस्था पहले से प्रभावित थी, वहीं अब पिछले चार दिनों से एक्स-रे सेवा भी बंद होने से मरीजों की परेशानियां बढ़ गई हैं। जांच सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज और जांच करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सप्लाई बाधित होने को समस्या का कारण बताया है।

नाहन

डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सवालों के घेरे में हैं। पहले से अल्ट्रासाउंड व्यवस्था को लेकर मरीज परेशान थे, वहीं अब पिछले चार दिनों से एक्स-रे सेवा भी पूरी तरह ठप होने से मरीजों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ऐसे में सरकारी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले लोगों को मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में डिजिटल एक्स-रे के लिए इस्तेमाल होने वाली फिल्म खत्म होने के कारण पिछले चार दिनों से एक्स-रे नहीं हो पा रहे हैं। हादसों में घायल, हड्डी रोग और अन्य मरीज बिना जांच के लौट रहे हैं या निजी संस्थानों में महंगी जांच करवाने को विवश हैं।

यही नहीं, मेडिकल कॉलेज का अल्ट्रासाउंड विभाग पहले से ही बदइंतजामी के आरोपों से घिरा हुआ है। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को एक से दो महीने बाद की तारीख दी जा रही है। कई मरीजों का आरोप है कि समय पर जांच नहीं होने से इलाज भी प्रभावित हो रहा है।अस्पताल के प्रसूति वार्ड की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कई बार एक ही बेड पर दो गर्भवतियों को रखना पड़ रहा है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को बयां करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने मेडिकल कॉलेज में यदि एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं तो आम जनता आखिर जाए तो कहां जाए। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रदेश सरकार से तत्काल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।उधर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य संगीता ढिल्लों ने बताया कि जिस फर्म द्वारा डिजिटल एक्स-रे फिल्म की सप्लाई की जाती थी, उसने आपूर्ति बंद कर दी है। सप्लायर का कहना है कि चीन से आने वाली फिल्म उपलब्ध नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं।