Loading...

नाहन में अब सड़क किनारे खड़ी बाइक भी सुरक्षित नहीं! चोरी की कोशिश नाकाम हुई तो आग के हवाले कर दी मोटरसाइकिल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 49 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन में अब सड़क किनारे खड़ी बाइक भी सुरक्षित नहीं! चोरी की कोशिश नाकाम हुई तो आग के हवाले कर दी मोटरसाइकिल | यशवंत विहार में आधी रात सनसनीखेज वारदात, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी; पहले बाइक स्टार्ट करने की कोशिश, फिर पेट्रोल निकालकर लगाई आग

नाहन

जिला मुख्यालय नाहन में वाहन चोर गिरोह की चर्चाओं के बीच अब सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यशवंत विहार में शाही मिष्ठान के पास एक मोटरसाइकिल को आधी रात आग के हवाले करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल नंबर एचपी-18बी-4338 को बीती रात करीब एक बजे अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। मोटरसाइकिल मालिक में सिंह पुत्र कृष्ण निवासी विक्रमबाग ने सदर थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता नाहन में अध्यापन का कार्य करते हैं और यशवंत विहार में किराये के मकान में रहते हैं।

मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने वारदात को और गंभीर बना दिया है। फुटेज के अनुसार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल को वहां से ले जाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। उसने कई बार बाइक को किक मारकर स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने मोटरसाइकिल से तेल निकालने की कोशिश की।

इसके बाद आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठे-बैठे बीड़ी जलाई और जलती तीली बाइक की ओर फेंक दी। पहली कोशिश में आग नहीं लगी तो उसने दो-तीन बार और प्रयास किया। आखिरकार कई तीलियां जलाकर उसने मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया।

चोरी की कोशिश थी या जानबूझकर वाहन को निशाना बनाया गया?

सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर घटनाक्रम से बाइक को ले जाने की कोशिश किए जाने की आशंका सामने आ रही है, लेकिन आरोपी की वास्तविक मंशा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना ने नाहन शहर की पार्किंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण शहर में बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े करने को मजबूर हैं। ऐसे में यदि रात के समय वाहनों को इस तरह निशाना बनाया जाने लगे तो वाहन मालिकों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

शिकायत के आधार पर सदर थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच का जिम्मा विवेचना अधिकारी एएसआई जसविंदर सिंह को सौंपा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति का फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान और तलाश की जा रही है।

अब सवाल सिर्फ एक जली हुई बाइक का नहीं, बल्कि शहर में सड़क किनारे खड़े सैकड़ों वाहनों की सुरक्षा का है।

Related Topics: