Loading...

वीआईपी दौरों पर ही क्यों जागता है प्रशासन: विशाल तोमर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 10 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

नाहन शहर की सड़कों की खराब हालत और प्रशासन की कार्यशैली को लेकर पूर्व सड़क सुरक्षा क्लब अध्यक्ष विशाल तोमर ने रोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल वीआईपी दौरों के समय ही सक्रिय होता है, जबकि आम दिनों में सड़कों की स्थिति बदहाल रहती है।

नाहन

नाहन शहर की सड़कों की खराब हालत और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व सड़क सुरक्षा क्लब अध्यक्ष विशाल तोमर ने कड़ा रोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल वीआईपी दौरों और विशेष आयोजनों के समय ही सक्रिय नजर आता है, जबकि आम दिनों में सड़कों की स्थिति बदहाल बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस पोस्ट चौगान से लेकर फेडरेशन तक की मुख्य सड़क पर इन दिनों गड्ढों को भरने का कार्य जल्दबाजी में किया जा रहा है, जो केवल औपचारिकता लगता है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब सड़कें लंबे समय से खराब थीं तो नियमित रूप से इनका रखरखाव क्यों नहीं किया गया।

उन्होंने कोर्ट रोड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी मरम्मत के लिए जनता को लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा, जिसके बाद ही प्रशासन हरकत में आया। उनका कहना है कि यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
विशाल तोमर ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों का रखरखाव केवल वीआईपी मूवमेंट तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।