Loading...

‘आई लव नाहन’ के सामने दो सप्ताह से बह रहा सीवर, चौगान के साथ फैली गंदगी ने खोली नगर परिषद की पोल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन के चर्चित ‘आई लव नाहन’ सेल्फी प्वाइंट के सामने पिछले दो सप्ताह से चोक सीवरेज लाइन का गंदा पानी बह रहा है। शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर फैली गंदगी और बदबू ने नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने स्वच्छता तथा जनस्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है।

नाहन

नाहन को अक्सर “शहर नगीना” कहा जाता है। स्वच्छता, सुंदरता और पर्यटन की पहचान रखने वाले इस ऐतिहासिक शहर के दावों पर इन दिनों शहर के सबसे प्रमुख स्थानों में से एक जगह खुद सवाल खड़े कर रही है। शहर के चर्चित ‘आई लव नाहन’ सेल्फी प्वाइंट के ठीक सामने मुख्य सड़क पर चोक सीवरेज लाइन से बह रहा गंदा पानी नगर परिषद की व्यवस्थाओं की हकीकत बयां कर रहा है।हैरानी की बात यह है कि यह कोई अंदरूनी गली या सुनसान इलाका नहीं, बल्कि चौगान मैदान के साथ लगा शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं, बच्चे खेलते हैं, पर्यटक तस्वीरें खिंचवाते हैं और बाहर से आने वाले लोगों की नजर भी सबसे पहले इसी क्षेत्र पर पड़ती है। लेकिन पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से सड़क पर बह रहा सीवर शहर की छवि को दागदार कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गंदे पानी और बदबू के कारण आसपास के दुकानदार खासे परेशान हैं। जिस स्थान पर सीवर सड़क पर फैल रहा है, उसके आसपास खाने-पीने की कई दुकानें संचालित हैं। एक रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी इसके बिल्कुल समीप हैं। ऐसे में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब समस्या शहर के बीचों-बीच, मुख्य सड़क पर और हर गुजरने वाले की नजर के सामने है, तो फिर दो सप्ताह से अधिक समय तक इसका समाधान क्यों नहीं हो पाया। क्या नगर परिषद को इस समस्या की जानकारी नहीं थी, या फिर जानकारी होने के बावजूद इसे गंभीरता से नहीं लिया गया?

विडंबना यह भी है कि एक ओर शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर शहर की पहचान बन चुके सेल्फी प्वाइंट के सामने ही सीवर का गंदा पानी बहता दिखाई दे रहा है। ऐसे में लोगों के बीच यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि यदि शहर के “वीआईपी स्पॉट” का यह हाल है तो बाकी क्षेत्रों की स्थिति कैसी होगी।उधर नगर परिषद नाहन के सुपरविजन अधिकारी सुलेमान का कहना है कि संबंधित स्थान पर नया पाइप डाला गया है, लेकिन घास-पत्ते और अन्य सामग्री फेंके जाने के कारण लाइन बार-बार चोक हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि समस्या को जल्द दूर कर दिया जाएगा।फिलहाल सवाल बरकरार है—क्या नाहन सचमुच “शहर नगीना” की पहचान बचा पा रहा है, या फिर शहर के बीच बहता यह सीवर व्यवस्थाओं की बदहाल तस्वीर बन चुका है?