ट्यूशन से लौट रहे छात्र से तीन युवकों ने की मारपीट, पिता के नाक पर लोहे के कड़े से वार
नाहन में ट्यूशन से घर लौट रहे +1 कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक तीन अज्ञात युवकों ने छात्र को रोककर गाली-गलौच और मारपीट की। पिता मौके पर पूछताछ करने पहुंचे तो एक अन्य युवक ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की और लोहे के कड़े से नाक पर वार कर दिया।
नाहन
यशवंत विहार से ट्यूशन पढ़कर लौट रहा था छात्र
सैन की सैर निवासी दिनेश चौहान ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा नाहन में +1 कक्षा में पढ़ता है और शाम के समय यशवंत विहार से ट्यूशन पढ़कर वापस लौट रहा था।
जमीरियों पैराफिट के पास हुई घटना
शिकायत के अनुसार जमीरियों पैराफिट के पास बैठे तीन अज्ञात लड़कों ने छात्र को अपने पास बुलाया। आरोप है कि युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने छात्र के साथ गाली-गलौच करने के बाद मारपीट की।
पूछताछ करने पहुंचे पिता भी हुए घायल
दिनेश चौहान जब घटना के बारे में पूछताछ करने मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि एक चौथा युवक वहां आया और उसने उनके बेटे को डराया-धमकाया। शिकायत के मुताबिक युवक ने दिनेश के साथ धक्का-मुक्की करते हुए लोहे के कड़े से उनकी नाक पर वार किया, जिससे सिर और नाक पर चोटें आईं। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।