Loading...

धर्मशाला में सोनिया गांधी की आत्मकथा का विमोचन, मुख्यमंत्री ने युवाओं से पढ़ने का किया आग्रह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष, दृढ़ संकल्प और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का संवेदनशील वर्णन किया गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से पुस्तक पढ़कर जीवन के अनुभवों और उनसे मिलने वाली सीख को समझने का आग्रह किया।

धर्मशाला

मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मकथा में बताया गया है कि सोनिया गांधी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच स्वयं को किस प्रकार ढाला और साहस, धैर्य तथा दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ विभिन्न कठिनाइयों का सामना किया। उनके अनुसार, यह जीवन यात्रा संघर्ष, आत्मबल, मजबूत व्यक्तित्व और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता को सामने रखती है। पुस्तक पाठकों को उनके व्यक्तिगत अनुभवों और जीवन के अलग-अलग पहलुओं को समझने का अवसर प्रदान करती है।

सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कठिन परिस्थितियों का साहस और धैर्य के साथ सामना करने की सीख इस पुस्तक से मिलती है। जीवन के अनुभवों, संघर्षों और उनसे प्राप्त सीख को समझना व्यक्ति के व्यक्तित्व तथा जीवन के प्रति उसके दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी विदित चौधरी एवं चेतन चौहान, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Topics: •