National Boxing Championship / राष्ट्रीय मुक्केबाजी के नक्शे पर उभरेगा सिरमौर
नाहन में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की मुक्केबाजी प्रतियोगिता का बड़ा आयोजन होने जा रहा है।
National Boxing Championship : इंडियन स्पोर्ट्स लीग ऑल इंडिया नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का पहला संस्करण 28 जून से 3 जुलाई तक चंबा मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता की मेजबानी जिला सिरमौर को मिलने से खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
नाहन
बुधवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में गुरु हनुमान स्पोर्ट्स समिति के संस्थापक एवं निदेशक सोमवीर सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता गुरु हनुमान स्पोर्ट्स समिति राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली मुक्केबाज हिस्सा लेंगे और छह दिनों तक नाहन राष्ट्रीय मुक्केबाजी गतिविधियों का केंद्र बना रहेगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों की टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
देशभर के मुक्केबाज दिखाएंगे दमखम
प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और ओपन वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, खेल विशेषज्ञ, इंडियन स्पोर्ट्स लीग के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सोमवीर सिंह ने कहा कि सिरमौर को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना जिले के खेल इतिहास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय मुकाबले देखने और सीखने का अवसर मिलेगा, बल्कि जिले की पहचान राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी मजबूत होगी।
बॉक्सिंग अकादमी की मांग भी उठी
प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुक्केबाजी के विकास के लिए एक समर्पित बॉक्सिंग अकादमी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस विषय को सरकार और खेल विभाग के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में बॉक्सिंग अकादमी स्थापित करने का निर्णय होता है तो उनकी प्राथमिकता होगी कि इसकी शुरुआत जिला सिरमौर से की जाए, ताकि यहां के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि मुक्केबाजी को खेल कोटा व्यवस्था में शामिल किए जाने से खिलाड़ियों के लिए नए अवसर खुले हैं। इससे युवाओं का रुझान खेलों की ओर बढ़ेगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर मंच प्राप्त होगा।
सिरमौर के लिए ऐतिहासिक अवसर
खेल जानकारों के अनुसार यह प्रतियोगिता सिरमौर के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हो सकती है। इससे पहले जिले में मुक्केबाजी प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर इतने बड़े आयोजन की मेजबानी पहली बार मिल रही है। ऐसे में प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पत्रकार वार्ता में समिति की चेयरपर्सन अंजु गरेवाल, सदस्य रोनित सोलंकी तथा सदस्य मेजर खटक भी उपस्थित रहे।