राष्ट्रीय लोक अदालत में सोलन जिले के 3080 मामलों का आपसी सहमति से हुआ निपटारा
Himachalnow / सोलन
सोलन जिले में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान विभिन्न न्यायालयों में 3080 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल समझौता राशि 3 करोड़ 98 लाख 78 हजार 301 रुपए दर्ज की गई।
सोलन
जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोजित हुई लोक अदालत
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन शरद कुमार लगवाल की अध्यक्षता में किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला मुख्यालय सोलन सहित नालागढ़, कसौली, अर्की और कंडाघाट न्यायालयों में किया गया। मामलों के निपटारे के लिए कुल 15 लोक अदालत बैंच गठित की गई थीं।
5691 मामलों को सुनवाई के लिए किया गया सूचीबद्ध
प्रशांत सिंह नेगी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कुल 5691 मामलों को विभिन्न बैंचों के समक्ष सुनवाई के लिए रखा गया। इनमें पूर्व लोक अदालत बैठकों में सूचीबद्ध मामलों के साथ अन्य लंबित प्रकरण भी शामिल थे। इनमें से 3080 मामलों का विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से निपटारा किया गया।
वाहन चालान मामलों का भी हुआ निपटारा
उन्होंने बताया कि लोक अदालत के दौरान विभिन्न बैंचों के समक्ष 4955 वाहन चालान से संबंधित मामले भी प्रस्तुत किए गए। इनमें से 2665 मामलों का निपटारा किया गया। सचिव ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से समाधान की प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा रहा है।
समझौता राशि रही करीब चार करोड़ रुपए
राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाए गए मामलों में कुल समझौता राशि 03 करोड़ 98 लाख 78 हजार 301 रुपए रही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विभिन्न न्यायालयों में मामलों के समाधान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।