राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक करें स्व-नामांकन
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने देशभर के पात्र शिक्षकों से ऑनलाइन स्व-नामांकन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो चुकी है और पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन का अंतिम सबमिशन एवं पुष्टि 13 जुलाई तक की जा सकेगी।
चंबा
10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे पात्र शिक्षक
उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) ने बताया कि स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए देशभर के पात्र शिक्षकों से ऑनलाइन स्व-नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक शिक्षक नेशनल टीचर्स अवॉर्ड्स पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। विभाग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो चुकी है तथा पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन का अंतिम सबमिशन एवं पुष्टि 13 जुलाई तक की जा सकती है।
उत्कृष्ट शिक्षण कार्य को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
विभाग के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य उन शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने शिक्षण कार्य, नवाचार और विद्यालय स्तर पर किए गए प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पुरस्कार प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे शिक्षकों के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान की जाती है, जिन्होंने शिक्षण प्रणाली में सकारात्मक शैक्षणिक पहल की हैं।
चयन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी पूरी
विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी का गठन मध्य जुलाई में किया जाएगा। जिला एवं क्षेत्रीय चयन समितियां 14 से 21 जुलाई तक आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग करेंगी, जबकि राज्य एवं संगठन स्तर की चयन समितियां 22 से 29 जुलाई के बीच चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगी। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को 30 और 31 जुलाई को ज्यूरी के साथ संवाद के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी 3 से 7 अगस्त तक अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी करेगी तथा 8 अगस्त को अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
अगस्त में दी जाएगी चयन की सूचना
विभाग के अनुसार माननीय शिक्षा मंत्री की स्वीकृति के बाद चयनित पुरस्कार विजेताओं को 10 से 20 अगस्त के बीच सूचना भेजी जाएगी। इसके बाद पुरस्कार समारोह का पूर्वाभ्यास तथा मुख्य आयोजन 4 और 5 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। विभाग ने सभी पात्र शिक्षकों से आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
