नवदीप कोंडल ने संभाला आत्मा परियोजना के निदेशक का कार्यभार, प्राकृतिक खेती को देंगे नई रफ्तार
Himachalnow / नाहन
जिला सिरमौर के कृषि क्षेत्र को नया नेतृत्व मिल गया है। नवदीप कोंडल ने आत्मा परियोजना के निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने पदभार ग्रहण करते ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर देने की बात कही।
नाहन
जिला सिरमौर के कृषि क्षेत्र को नया नेतृत्व मिल गया है। नवदीप कोंडल ने सोमवार को आत्मा परियोजना के निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ संकेत दे दिए कि जिले में कृषि क्षेत्र को नई दिशा और गति देने पर विशेष फोकस रहेगा।कार्यालय पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक अजय सोलंकी के साथ बैठक कर जिले की कृषि गतिविधियों, चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की।
नवदीप कोंडल इससे पहले ऊना जिला के गगरेट में विषय विशेषज्ञ के पद पर सेवाएं दे चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रदर्शन के लिए जाने जाते रहे हैं। विभाग में उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें सिरमौर जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक खेती से बाहर निकालकर प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना समय की जरूरत है, जिससे न केवल मिट्टी की सेहत सुधरेगी बल्कि किसानों की आय में भी बढ़ोतरी संभव होगी।
उन्होंने यह भी संकेत दिए कि विभागीय योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने के लिए फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी। किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ उन्हें मिल सके।जिला सिरमौर की भौगोलिक विविधता को देखते हुए उन्होंने कहा कि यहां बागवानी, प्राकृतिक खेती और विविध फसलों के लिए अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें सही दिशा देकर जिले को कृषि क्षेत्र में मॉडल बनाया जा सकता है।
आत्मा परियोजना के निदेशक ने यह भी माना कि प्राकृतिक खेती के साथ-साथ उत्पादों के विपणन और उचित मूल्य दिलाना एक बड़ी चुनौती है, जिस पर विभाग गंभीरता से कार्य करेगा।अंत में उन्होंने कहा कि विभाग, जनप्रतिनिधियों और किसानों के सामूहिक प्रयास से सिरमौर को कृषि के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।