NDPS / अम्ब में 6.24 ग्राम चिट्टे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
NDPS / जिला ऊना में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत अम्ब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 6.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल निवासी वार्ड नंबर-09, प्रताप नगर, अम्ब, तहसील अम्ब, जिला ऊना के रूप में हुई है।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को शाम के समय पुलिस थाना अम्ब की टीम अन्दौरा रोड पर रामलीला ग्राउंड के नजदीक मौजूद थी। इस दौरान हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना अम्ब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी की पहनी हुई पैंट की जेब से 6.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसके आगे किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। मामले में आगामी जांच जारी है।
युवाओं को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे नशे के दलदल से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस ने दोहराया कि ऊना को नशामुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और सख्त कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।