Loading...

NDPS: पट्टा फोरलेन पर 3 वाहनों से 56.37 ग्राम चिट्टा बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NDPS: बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पट्टा फोरलेन पर गश्त और नाकाबंदी के दौरान तीन अलग-अलग वाहनों से कुल 56.37 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इन मामलों में दिल्ली, हरियाणा और मंडी के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामले दर्ज कर पुलिस ने चिट्टे की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर

स्पेशल डिटेक्शन टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पहले एक कार संख्या HR 26CB-5745 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 22.26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार मंडी जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान टारना रोड, सदर मंडी निवासी अनमोल प्रीत सिंह (24), सरद्वारा, बल्ह निवासी रोहित (22) और जवाहरनगर खलियार, सदर मंडी निवासी माहिर मल्होत्रा (21) के रूप में हुई है।

मोटरसाइकिल से 17.88 ग्राम चिट्टा मिला

दूसरे मामले में पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल संख्या HP 82-8107 की जांच की। तलाशी के दौरान बाइक सवारों के कब्जे से 17.88 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने जोगिंद्रनगर के मनारू निवासी राजेंद्र कुमार (31) और पूर्वी दिल्ली के सरोदा खादर स्थित चिल्ला निवासी सुमन कुमार मन्ना (21) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

टैक्सी से 16.23 ग्राम चिट्टा बरामद

तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने टैक्सी संख्या HP 01M-6567 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर 16.23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान सोनीपत जिले के गुहाना क्षेत्र के जागसी निवासी सोनू (38) और पानीपत के पलड़ी निवासी अंकित (23) के रूप में हुई है। तीनों मामलों में बरामद चिट्टे का कुल वजन 56.37 ग्राम बताया गया है।

आपूर्ति नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति से कौन-कौन लोग जुड़े हैं। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामलों की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी और आपूर्ति करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस चिट्टा आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े पिछले संपर्कों और अन्य संभावित कड़ियों की जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Topics: