NDPS / नम्होल में चार किलोग्राम चरस के साथ कुल्लू के दो आरोपी गिरफ्तार
NDPS : बिलासपुर जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नम्होल क्षेत्र में चार किलोग्राम चरस बरामद की है। मामले में कुल्लू जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बिलासपुर
जानकारी के अनुसार नम्होल पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में नशे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नम्होल क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में मौजूद दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए, जिसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से चार किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान धनी राम निवासी गांव जलैहर डाकघर सराहन तहसील निरमंड जिला कुल्लू और मदन लाल निवासी गांव रूबा डाकघर एवं तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
