NDPS: चंबी में HRTC बस से 20.74 ग्राम चिट्टा बरामद, अमृतसर के दो युवक गिरफ्तार
NDPS: कांगड़ा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सीआईए टीम ने कटरा से संधोल जा रही HRTC बस की तलाशी के दौरान दो युवकों से 20.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। चंबी के पुराने पुल के पास हुई इस कार्रवाई में अमृतसर निवासी दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कांगड़ा/शाहपुर
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम ने 16 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर चंबी के पुराने पुल के समीप नाकाबंदी की थी। इस दौरान कटरा से संधोल जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस नंबर एचपी-67-7395 को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार दो संदिग्ध युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 20.74 ग्राम चिट्टा या हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ दोनों युवकों के बस टिकट भी कब्जे में ले लिए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 19 वर्षीय साहिल और 25 वर्षीय आलोक कुमार के रूप में हुई है। दोनों गांव एवं डाकघर चविंडा देवी, तहसील मजीठा, थाना कथूनंगल, जिला अमृतसर, पंजाब के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टा कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी और इस मामले से अन्य कौन लोग जुड़े हैं।
नूरपुर में 320 ग्राम चरस बरामद
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने मुग्तयाल भलेटा में एक व्यक्ति को 320 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा के अनुसार, टीम ने रोहित कुमार निवासी गांव मुग्तयाल, डाकघर भलेटा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा के रिहायशी मकान में दबिश दी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने चरस को कमरे में रखे डबल बेड के गद्दे के नीचे छिपाया हुआ था। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
