NDPS / ऊना के गगरेट में 2.59 ग्राम चिट्टे सहित दो युवक गिरफ्तार, पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी
NDPS : गगरेट में पुलिस ने गश्त के दौरान एक मोटरसाइकिल से 2.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। जिला ऊना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
ऊना/ वीरेंद्र बन्याल
मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत जिला ऊना पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस थाना गगरेट की टीम ने 2.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यारक्षी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गगरेट-होशियारपुर रोड स्थित फॉरेस्ट बैरियर के पास गश्त पर थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से 2.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में मोटरसाइकिल चालक आदित्य कुमार निवासी नरवाना, डाकघर योल कैंट, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा तथा उसके साथी चंदन घई निवासी टिका बणी, डाकघर योल कैंट, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
पुलिस अधीक्षक ऊना ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।