NDPS / कंडाघाट में टैक्सी से 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार
NDPS / सोलन जिले के कंडाघाट क्षेत्र में विशेष जांच इकाई ने एक किराए की टैक्सी से 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुल्लू और शिमला जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने कंडाघाट थाने में मामला दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सोलन
पुलिस के अनुसार, विशेष जांच इकाई की टीम ने 28 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर कंडाघाट क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक किराए की टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान टैक्सी में सवार दो युवकों के कब्जे से 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और पुलिस थाना कंडाघाट में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया।
आरोपियों के रिकॉर्ड की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरि सिंह निवासी गांव शानी, तांदी जिला कुल्लू और संजय उर्फ बाबू निवासी रामपुर बुशहर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस अब दोनों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।