NDPS / कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में वांछित 7 साल से फरार महिला लुधियाना से गिरफ्तार
NDPS : एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में वांछित और उद्घोषित अपराधी घोषित की जा चुकी महिला को पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया। न्यायालय के आदेश के बाद लगातार चल रही तलाश के उपरांत की गई इस गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
कांगड़ा
लुधियाना से महिला उद्घोषित अपराधी को किया गिरफ्तार
पुलिस जिला नूरपुर की उद्घोषित अपराधी (पीओ) सैल ने एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में लंबे समय से वांछित महिला को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार राजेश कुमारी (50) पत्नी राकेश कुमार निवासी गांव तमोटा, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, वर्ष 2019 और 2020 में थाना इंदौरा में दर्ज एफआईआर संख्या 123/2019 तथा एफआईआर संख्या 38/2020 में आरोपी नामित थी।
न्यायालय ने किया था उद्घोषित अपराधी घोषित
पुलिस के अनुसार न्यायालय में लगातार पेश न होने के कारण 20 अप्रैल 2026 को सक्षम न्यायालय ने महिला को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद पुलिस जिला नूरपुर की पीओ सैल लगातार उसकी तलाश में जुटी रही और 18 जुलाई 2026 को पंजाब के टिब्बा, लुधियाना से उसे गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल परीक्षण के बाद जांच अधिकारी को सौंपा
गिरफ्तारी के बाद महिला का सिविल अस्पताल इंदौरा में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसके पुत्र राजीव को दूरभाष के माध्यम से दी तथा नियमानुसार आरोपी को थाना इंदौरा के जांच अधिकारी के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार महिला को न्यायालय में पेश किया जाएगा और दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।