Loading...

NDPS: किन्नौर में होटल से 7.78 ग्राम चिट्टा और 1.04 लाख रुपये बरामद, आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 41 Mins Ago • 1 Min Read

NDPS: किन्नौर पुलिस ने स्पीलो स्थित कुबेर होटल में छापेमारी कर 7.78 ग्राम चिट्टा, 1,04,700 रुपये नकद और डिजिटल वजन मशीन बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने स्पीलो निवासी 31 वर्षीय बुधासेन उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े उसके संपर्कों की जांच कर रही है।

रिकांगपिओ

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से उसके रडार पर था। छापेमारी के दौरान मिली नकदी, चिट्टे और डिजिटल कांटे को कब्जे में लेने के बाद जांच टीम आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच का उद्देश्य चिट्टा उपलब्ध कराने वाले लोगों और इसकी आगे आपूर्ति से जुड़ी अन्य कड़ियों तक पहुंचना है।

रिकांगपिओ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भाजपा युवा मोर्चा के पूह ब्लॉक अध्यक्ष पद पर रह चुका है और भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है। मंत्री ने आरोपी के क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े होने का आरोप भी लगाया।

जगत सिंह नेगी ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत किन्नौर पुलिस अब तक 25 मामले दर्ज कर करीब 120 ग्राम चिट्टा बरामद कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मौजूदा मामले में भी जांच जारी है और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

Related Topics: