NDPS / कोलर में नशे के कारोबार पर एसआईयू का बड़ा प्रहार, 210 नशीले कैप्सूल सहित तस्कर गिरफ्तार
NDPS : जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ अभियान के तहत एसआईयू नाहन ने कोलर क्षेत्र से 210 नशीले कैप्सूल सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशीले कैप्सूल की सप्लाई कर रहा था। मामले में अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
नाहन
जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू नाहन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कोलर क्षेत्र से एक युवक को 210 नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशीले कैप्सूल की सप्लाई कर रहा था। अब उसके पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।जानकारी के अनुसार 23 जून को एसआईयू नाहन की टीम कोलर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इंतजार पुत्र खलील मोहम्मद, निवासी गांव देववाला, डाकघर हरिपुर खोल, तहसील पांवटा साहिब, मोटरसाइकिल पर रणजीतपुर से कोलर की ओर आ रहा है और उसके पास भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 210 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ सूचना थी कि वह काफी समय से कोलर और आसपास के क्षेत्रों में नशीले कैप्सूल बेचने के धंधे में सक्रिय था। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप उसे कहां से मिल रही थी और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों तक फैली हुई थी।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।जिला सिरमौर में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से साफ संकेत है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।